हर साल के चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को कामदा एकादशी मनाई जाती है। यह एकादशी भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा के लिए समर्पित मानी गई है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन व्रत रखने तथा ब्राह्मणों और दीन-हीन असहाय लोगों को दान देने से समस्त पापों का नाश होता है एवं साधकों को मोक्ष की प्राप्ति होती है।
कामदा एकादशी का महत्व
Kamada Ekadash Importance: कामदा एकादशी का महत्व पद्म पुराण में विस्तार से बताया गया है। कहा जाता है कि इस एकादशी के दिन भगवान विष्णु की आराधना करने से सहस्त्र यज्ञों के कराने के बराबर पुण्य फल प्राप्त होता है। साथ ही यह एकादशी ब्रह्महत्या आदि पापों तथा पिशाचत्व आदि दोषों का नाश करने वाली मानी जाती है।
कामदा एकादशी 2024 का शुभ मुहूर्त
Kamada Ekadash Shubh Muhurat: साल 2024 में कामदा एकादशी का शुभ मुहूर्त 18 अप्रैल की शाम 5 बजकर 31 मिनट पर शुरू होगा और 19 अप्रैल को शाम के 8 बजकर 4 मिनट पर समाप्त होगा। उदयातिथि के हिसाब से कामदा एकादशी 19 अप्रैल 2024 को मनाई जाएगी।
ऐसे करें पूजा
Kamada Ekadash Puja Vidhi: कामदा एकादशी के दिन ब्रह्म मुहूर्त में उठकर सबसे पहले स्नान करना चाहिए। इसके बाद स्वच्छ वस्त्र धारण करके सूर्य देव को जल से अर्घ्य दें। साथ ही आँख बंद करके भगवान विष्णु का स्मरण करें और व्रत का संकल्प लें। इसके बाद पूजा स्थल की साफ सफाई करें और एक लकड़ी की चौकी पर लाल कपड़ा बिछाकर उसमें भगवान विष्णु की तस्वीर या मूर्ति स्थापित करें। भगवान विष्णु का जल से अभिषेक करके पीले रंग के वस्त्र धारण कराएं। घी का दीपक जलाएं। साथ ही विधि विधान के साथ भगवान विष्णु की पूजा करें। अंत में आरती करें, भोग लगाएं और सभी में भोग वितरित करे दें।
कामदा एकादशी पर रखे इन चीजों का ध्यान
कामदा एकादशी के शुभ अवसर पर भगवान विष्णु के भक्त दूसरे की निंदा, छल-कपट, लालच, द्वेष की भावनाओं से दूर रहें। इस दिन गहरे काले रंग के वस्त्र न पहने और चावल तथा भारी खाद्य पदार्थों के सेवन से परहेज करें। इस दिन रात्रि के समय भगवान विष्णु का भजन करें।
एकादशी पर करें भगवान विष्णु की स्तुति
कामदा एकादशी पर इस मंत्र के साथ भगवान विष्णु की स्तुति अवश्य करें-
शांताकारं भुजगशयनं पद्मनाभं सुरेशं,
विश्वाधारं गगनसदृशं मेघवर्ण शुभाङ्गम्।
लक्ष्मीकांतं कमलनयनं योगिभिर्ध्यानगम्यम्,
वन्दे विष्णुं भवभयहरं सर्वलोकैकनाथम्॥
एकादशी पर दान का महत्व
Kamada Ekadash Daan: एकादशी के पुण्यकारी दिन पर दान देने का विशेष महत्व माना जाता है। कहा जाता है कि इस दिन दान देने से भगवान विष्णु प्रसन्न होते हैं और लोगों पर भगवान नारायण की कृपा बनी रहती है।
दान के महत्व का उल्लेख करते हुए श्रीमद् भगवद्गीता में कहा गया है-
दातव्यमिति यद्दानं दीयतेऽनुपकारिणे।
देशे काले च पात्रे च तद्दानं सात्त्विकं स्मृतम्।।
अर्थात् जो दान कर्तव्य समझकर, किसी फल की आशा के बिना, उचित काल तथा स्थान में पात्र व्यक्ति को दिया जाता है वही दान सात्विक माना जाता है।
कामदा एकादशी पर करें इन चीजों का दान
कामदा एकादशी के शुभ अवसर पर अन्न और भोजन का दान सर्वश्रेष्ठ माना जाता है। कहा जाता है कि इस पुण्यकारी दिन पर दीन-हीन, असहाय लोगों को अन्न का दान करने से भगवान विष्णु का आशीर्वाद प्राप्त होता है। साथ ही व्यक्ति कल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ जाता है। इसके साथ ही इस शुभ दिन पर वस्त्र और शिक्षा दान का विशेष महत्व माना जाता है। यदि आप सक्षम हैं तो इस दिन किसी निर्धन बच्चे शिक्षित करने के लिए संकल्प लें। कामदा एकादशी के इस पुण्यकारी दिन पर नारायण सेवा संस्थान के भोजन दान, वस्त्र दान और शिक्षा दान के प्रकल्प में सहयोग करके पुण्य के भागी बनें।
प्रायः पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)
प्रश्न: कामदा एकादशी कब है?
उत्तर: कामदा एकदाशी 19 अप्रैल 2024 को मनाई जाएगी।
प्रश्न: कामदा एकादशी कौन से भगवान के लिए समर्पित मानी गई है?
उत्तर: कमदा एकादशी भगवान विष्णु के लिए समर्पित मानी गई है।