14 November 2026

कार्तिक पूर्णिमा 2026: जानें तिथि, पूजा विधि और दीपदान का महत्व

Start Chat

कार्तिक मास को भगवान श्रीहरि विष्णु की आराधना और पुण्य कर्मों के लिए अत्यंत पवित्र माना गया है। इस मास में दीपदान, स्नान, जप-तप और दान का विशेष महत्व है। कार्तिक मास की पूर्णिमा इस पावन अवधि का समापन करती है। इसे कार्तिक पूर्णिमा, देव दीपावली और त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना, पवित्र नदियों में स्नान, दीपदान और जरूरतमंदों की सेवा करने से पुण्य की प्राप्ति होती है।

 

कार्तिक पूर्णिमा 2026 कब है?

हिंदू पंचांग के अनुसार, वर्ष 2026 में कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी। इस दिन स्नान, दान, दीपदान और भगवान विष्णु की पूजा का विशेष महत्व रहेगा।

पूर्णिमा आरंभ होने का समय 23 नवंबर 2026 को रात 11:42 बजे है जबकि समापन का समय 24 नवंबर 2026 को रात 8:23 बजे है। हिन्दू धर्म में उदयातिथि का महत्व है इसलिए कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर को मनाई जाएगा। 

 

कार्तिक पूर्णिमा का धार्मिक महत्व

सनातन परंपरा में कार्तिक पूर्णिमा को पुण्यदायी तिथि माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन पवित्र नदियों में स्नान करने, भगवान विष्णु और भगवान शिव की आराधना करने तथा जरूरतमंदों को दान देने से पुण्य फल प्राप्त होता है। धर्म ग्रंथों मे कार्तिक मास में किए गए जप, तप और भक्ति का विशेष महत्व बताया गया है।

इस दिन दीपदान करने की परंपरा भी अत्यंत प्राचीन है। दीपक को ज्ञान, आस्था और शुभता का प्रतीक माना जाता है। जिस प्रकार एक छोटा-सा दीपक अंधकार को दूर करता है, उसी प्रकार ईश्वर की भक्ति मनुष्य के अंतर्मन से अज्ञान और नकारात्मकता को दूर करने की प्रेरणा देती है।

 

देव दीपावली का पर्व 

कार्तिक पूर्णिमा पर वाराणसी सहित अनेक स्थानों पर देव दीपावली का पर्व अत्यंत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन देवता पृथ्वी पर आकर दीपावली मनाते हैं। इसी कारण मंदिरों, घाटों और पवित्र स्थलों पर असंख्य दीप प्रज्वलित किए जाते हैं।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गंगा के घाटों पर देव दीपावली का विशेष आकर्षण देखने को मिलता है। दीपों से सजे घाट, मंत्रोच्चार, गंगा आरती और भक्तों की श्रद्धा वातावरण को आध्यात्मिक बना देते हैं। यह दृश्य भक्ति, प्रकाश और भारतीय संस्कृति की दिव्यता का अनुभव कराता है।

 

कार्तिक पूर्णिमा की पौराणिक कथा

कार्तिक पूर्णिमा का संबंध भगवान शिव की एक प्रसिद्ध पौराणिक कथा से भी जुड़ा है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, त्रिपुरासुर नामक असुर ने अपनी शक्तियों के बल पर तीन नगरों का निर्माण किया और देवताओं सहित समस्त लोकों को भयभीत करने लगा। उसके अत्याचारों से त्रस्त होकर देवताओं ने भगवान शिव से रक्षा की प्रार्थना की। देवताओं की पुकार सुनकर भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का अंत करने का संकल्प लिया। उन्होंने अपने दिव्य बाण से त्रिपुरासुर के तीनों नगरों का विनाश किया और देवताओं को उसके आतंक से मुक्त कराया। इस विजय के कारण भगवान शिव को त्रिपुरारी कहा गया और कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाने लगा।

 

कार्तिक पूर्णिमा पर पूजा विधि

  • प्रातःकाल उठकर स्नान करें। संभव हो तो किसी पवित्र नदी में स्नान करें। अन्यथा घर पर स्नान के जल में थोड़ा गंगाजल मिलाकर स्नान कर सकते हैं।
  • स्वच्छ वस्त्र धारण करके पूजा स्थल को साफ करें और भगवान विष्णु तथा भगवान शिव का स्मरण करें।
  • भगवान विष्णु को पुष्प, तुलसी दल, फल और नैवेद्य अर्पित करें। भगवान शिव को जल, पुष्प और अपनी श्रद्धानुसार पूजन सामग्री अर्पित करें।
  • भगवान के समक्ष दीपक प्रज्वलित करें और विष्णु मंत्र, शिव मंत्र या अपने आराध्य देव के मंत्रों का जप करें।
  • जरूरतमंदों को अन्न, वस्त्र, भोजन या अपनी सामर्थ्य के अनुसार उपयोगी सामग्री का दान करें।
  • शाम को अपनी श्रद्धा के अनुसार दीपदान करें।
  • अंत में भगवान से परिवार की सुख-समृद्धि, सबके कल्याण और सद्बुद्धि की प्रार्थना करें।

 

पूजा विधि में क्षेत्रीय परंपराओं के अनुसार अंतर हो सकता है। इसलिए अपने परिवार की परंपरा और स्थानीय धार्मिक मान्यताओं के अनुसार पूजा करना उचित है।

 

कार्तिक पूर्णिमा पर दान-पुण्य का महत्व

हिंदू धर्म में दान को पुण्य कर्म और परोपकार का महत्वपूर्ण माध्यम माना गया है। कार्तिक पूर्णिमा पर जरूरतमंदों की सहायता करना विशेष पुण्यदायी माना जाता है। इस दिन किया गया दान केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपने कर्तव्य को निभाने का अवसर भी है। इस पावन तिथि पर श्रद्धालु अन्न, भोजन और आवश्यक वस्तुओं का दान करते हैं। अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरतमंद बच्चों, निर्धन परिवारों, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों की सहायता करनी चाहिए। 

भगवान की भक्ति का वास्तविक भाव तब प्रकट होता है, जब हमारे मन में दूसरों के दुख को समझने और उन्हें राहत पहुंचाने की भावना जागृत होती है। किसी भूखे को भोजन कराना, किसी जरूरतमंद को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराना या किसी असहाय व्यक्ति की सहायता करना मानवीय संवेदना और परोपकार का सुंदर उदाहरण है।

नारायण सेवा संस्थान के सेवा प्रकल्पों से जुड़कर जरूरतमंदों, दिव्यांगजनों और वंचित बच्चों की सहायता करके इस पावन अवसर को सेवा और करुणा से जोड़ सकते हैं। आइए, कार्तिक पूर्णिमा पर पूजा-अर्चना के साथ सेवा का संकल्प लें और जरूरतमंदों के जीवन में आशा का दीप जलाएं।

 

कार्तिक पूर्णिमा का संदेश

कार्तिक पूर्णिमा हमें धर्म, भक्ति, दान और सेवा के महत्व का स्मरण कराती है। यह पावन पर्व बताता है कि ईश्वर की आराधना केवल मंदिरों तक सीमित नहीं है, बल्कि दूसरों के प्रति प्रेम, दया और सहयोग के भाव में भी भगवान का स्मरण निहित है। इस कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान विष्णु और भगवान शिव की आराधना करें, दीपदान करें और जरूरतमंदों की सहायता का संकल्प लें। अपने सामर्थ्य के अनुसार किसी के जीवन में प्रसन्नता लाएं और सेवा को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाएं।

कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर भक्ति के साथ सेवा का दीप प्रज्वलित करें। नारायण स्वरूप जरूरतमंदों की सहायता करके इस पर्व को सार्थक बनाएं।

 

 

 

 

प्रायः पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQ) 

 

प्रश्न: कार्तिक पूर्णिमा 2026 में कब मनाई जाएगी?

उत्तर: कार्तिक पूर्णिमा 2026 में 24 नवंबर को मनाई जाएगी।

प्रश्न: कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली क्यों कहा जाता है?

उत्तर: धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन देवता पृथ्वी पर आकर दीपावली मनाते हैं। इसी कारण इस पर्व को देव दीपावली कहा जाता है और मंदिरों तथा गंगा घाटों पर दीप प्रज्वलित किए जाते हैं।

प्रश्न: कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा क्यों कहते हैं?

उत्तर: पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान शिव ने कार्तिक पूर्णिमा के दिन त्रिपुरासुर का वध करके तीनों नगरों का विनाश किया था। इसी कारण भगवान शिव को त्रिपुरारी और इस तिथि को त्रिपुरारी पूर्णिमा कहा जाता है। 

प्रश्न: कार्तिक पूर्णिमा पर किन देवी-देवताओं की पूजा करनी चाहिए?

उत्तर: इस दिन भगवान विष्णु और भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व है।

प्रश्न: कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान क्यों किया जाता है?

उत्तर: दीपदान को शुभता, ज्ञान और आध्यात्मिक प्रकाश का प्रतीक माना जाता है। इस दिन दीप प्रज्वलित करके श्रद्धालु ईश्वर के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हैं और जीवन में सुख, शांति तथा सकारात्मकता की कामना करते हैं।

प्रश्न: कार्तिक पूर्णिमा पर किन वस्तुओं का दान करना शुभ माना जाता है?

उत्तर: इस दिन श्रद्धानुसार अन्न, भोजन और जरूरतमंदों के लिए आवश्यक सामग्री का दान करना शुभ माना जाता है।

प्रश्न: क्या कार्तिक पूर्णिमा पर घर में पूजा और दीपदान कर सकते हैं?

उत्तर: हाँ, श्रद्धालु घर पर स्नान करके भगवान विष्णु और भगवान शिव की पूजा कर सकते हैं। पूजा स्थल पर दीपक प्रज्वलित करके दीपदान कर सकते हैं।

X
राशि = ₹