03 November 2026

भाई दूज 2026: जानें तिथि, पूजा विधि और तिलक करने का शुभ मुहूर्त

Start Chat

दीपावली के उल्लास के बाद जब भाई-बहन के रिश्ते को स्नेह और विश्वास के रंगों से सजाने वाला पर्व आता है, तो घर-आँगन में एक बार फिर खुशियाँ खिल उठती हैं। यह पर्व है भाई दूज, जिसे यम द्वितीया के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन बहनें अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना करती हैं, वहीं भाई अपनी बहनों की रक्षा और सम्मान का संकल्प लेते हैं।

भाई दूज बहन के द्वारा भाई को तिलक लगाने के साथ ही उस आत्मीय रिश्ते का उत्सव है, जिसमें बचपन की नोक-झोंक, एक-दूसरे की चिंता, अनकहा प्रेम और जीवनभर साथ निभाने का विश्वास समाया होता है। हिंदू धर्म में इस पर्व का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसका संबंध भगवान सूर्य के पुत्र यमराज और पुत्री यमुना से है।

 

भाई दूज 2026 कब है?

द्रिक पंचांग के अनुसार, वर्ष 2026 में भाई दूज का पर्व 11 नवंबर 2026 को मनाया जाएगा। द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर 2:00 बजे से प्रारंभ हो जाएगी। इसका समापन  11 नवंबर को सायं 3 बजकर 53 मिनट पर होगा। उदयातिथि के आधार पर भाई दूज का पर्व 11 नवंबर को मनाया जाएगा।

 

तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त

द्रिक पंचांग के अनुसार भाई दूज पर टीका करने का शुभ समय इस प्रकार है:

– तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त: दोपहर 1:10 बजे से 3:20 बजे तक

– मुहूर्त की अवधि: 2 घंटे 10 मिनट

यह मुहूर्त नई दिल्ली के लिए है। अलग-अलग शहरों में स्थानीय सूर्योदय और पंचांग के अनुसार समय में अंतर हो सकता है। इसलिए अपने स्थानीय पंचांग का अनुसरण करना सही रहेगा।

 

भाई दूज का धार्मिक महत्व

हिंदू धर्म में भाई दूज को भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और पारिवारिक आत्मीयता का प्रतीक माना जाता है। यह पर्व हमें बताता है कि रिश्तों की असली खूबसूरती एक-दूसरे के सुख-दु:ख में सहभागी बनने में है। इस दिन बहनें अपने भाई के निमित्त घर के मुख्य द्वार पर दूज (गोधन) की पूजा करती हैं और माथे पर तिलक लगाकर उसके उज्ज्वल भविष्य की प्रार्थना करती हैं। तिलक को शुभता और मंगल का प्रतीक माना जाता है। वहीं भाई अपनी बहन के प्रति प्रेम और सम्मान का भाव प्रकट करता है।

 

भाई दूज की पौराणिक कथा

भाई दूज से जुड़ी सबसे प्रचलित पौराणिक कथा भगवान यमराज और उनकी बहन यमुना की है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यमराज और यमुना भगवान सूर्य तथा माता संज्ञा की संतान थे। दोनों भाई-बहन के बीच अत्यंत स्नेह था। कहा जाता है कि माता यमुना अपने भाई यमराज को बार-बार अपने घर आने का निमंत्रण देती थीं, लेकिन अपने कार्यों में व्यस्त रहने के कारण यमराज उनसे मिलने नहीं जा पाते थे। एक दिन कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुँचे।

अपने भाई के आगमन से प्रसन्न होकर माता यमुना ने उनका आदर-सत्कार किया, माथे पर तिलक लगाया और स्वादिष्ट भोजन कराया। बहन के इस प्रेम और आत्मीयता से प्रसन्न होकर यमराज ने उन्हें वरदान माँगने के लिए कहा।

तब माता यमुना ने वरदान माँगा कि जो भी भाई इस दिन अपनी बहन के घर जाकर उसके हाथों से तिलक करवाए और प्रेमपूर्वक भोजन ग्रहण करे, उसे सुख-समृद्धि तथा दीर्घायु का आशीर्वाद प्राप्त हो। यमराज ने अपनी बहन की यह प्रार्थना स्वीकार कर ली। तभी से कार्तिक शुक्ल द्वितीया को भाई दूज मनाने की परंपरा प्रचलित हुई। इसी कारण इस पर्व को यम द्वितीया भी कहा जाता है।

 

भाई दूज की पूजा विधि

भाई दूज के दिन बहनें परंपरानुसार पूजा की थाली सजाकर अपने भाई के मंगलमय भविष्य की कामना करती हैं। इस दिन पूजा और तिलक की विधि निम्न प्रकार से की जाती है:

 

  • पूजा की तैयारी: सुबह स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण करें और पूजा की थाली तैयार करें। इसमें रोली, अक्षत, दीपक, मिठाई, फूल और नारियल आदि रखें।
  • गोधन बनाना एवं पूजन: कई क्षेत्रों में भाई दूज के दिन गाय के गोबर से गोधन बनाया जाता है। इसे घर के मुख्य द्वार पर रखकर फूल, रोली, अक्षत और अन्य पूजन सामग्री से सजाएं। इसके बाद गोधन की पूजा करें और भाई की सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना करें। कुछ परंपराओं में काँटों पर ईंट या मूसल से प्रहार करने की रस्म भी निभाई जाती है।
  • भगवान का स्मरण: पूजा स्थल पर भगवान गणेश, भगवान विष्णु और यमराज का स्मरण करके परिवार की सुख-समृद्धि की प्रार्थना करें।
  • भाई को तिलक लगाएं: शुभ मुहूर्त में भाई को स्वच्छ आसन पर बैठाकर उसके माथे पर हल्दी और अक्षत से तिलक लगाएं।
  • आरती उतारें: भाई की आरती करें और उसकी लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य तथा सुखद भविष्य की कामना करें।
  • मिठाई खिलाएं: भाई को मिठाई खिलाकर उसका मुँह मीठा कराएं। इसके बाद भाई अपनी बहन को उपहार देकर उसके प्रति प्रेम और सम्मान प्रकट करता है।
  • भोजन और आशीर्वाद: इस दिन भाई का बहन के घर भोजन करना शुभ माना जाता है। परिवार के सभी सदस्य मिलकर भोजन करें और खुशियाँ मनाएं।

 

भाई दूज पर सेवा और दान-पुण्य का महत्व

भारतीय संस्कृति में प्रत्येक पर्व केवल व्यक्तिगत खुशियों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि दूसरों के जीवन में भी प्रसन्नता बाँटने की प्रेरणा देता है। भाई दूज भी हमें यही सीख देता है कि अपनों की खुशियों के साथ-साथ समाज के उन लोगों का भी ध्यान रखना चाहिए, जिन्हें प्रेम, सहयोग और सहारे की आवश्यकता है।

कई लोग इस दिन जरूरतमंदों को भोजन कराते हैं और असहाय लोगों की सहायता करते हैं। किसी भूखे को भोजन कराना या किसी दिव्यांग व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने में मदद करना भी सेवा का सुंदर स्वरूप है। नारायण सेवा संस्थान का मानना है कि मानव सेवा ही ईश्वर की सच्ची सेवा है। संस्थान अपने विभिन्न सेवा प्रकल्पों के माध्यम से दिव्यांग, वंचित और जरूरतमंद लोगों के जीवन में खुशियाँ लाने का प्रयास कर रहा है।

इस भाई दूज पर अपने परिवार के साथ खुशियाँ मनाने के साथ किसी जरूरतमंद के चेहरे पर भी मुस्कान लाने का संकल्प लें। क्योंकि जब हमारी खुशियों में दूसरों की खुशियाँ भी शामिल होती हैं, तभी त्योहार का आनंद और अधिक सार्थक हो जाता है।

भाई दूज उन रिश्तों को संजोने का अवसर है, जो जीवन के हर उतार-चढ़ाव में हमारे साथ खड़े रहते हैं। इस दिन भाई-बहन एक-दूसरे के प्रति प्रेम और विश्वास को फिर से मजबूत करते हैं। इस भाई दूज पर रिश्तों में मिठास बढ़ाने के साथ सेवा और करुणा का भाव भी अपनाएं। अपने परिवार की खुशियों के साथ किसी जरूरतमंद के जीवन में भी खुशियों का दीप जलाएं।

 

आप सभी को भाई दूज की हार्दिक शुभकामनाएं!

 

प्रायः पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

 

प्रश्न: भाई दूज 2026 कब मनाई जाएगी?

उत्तर: वर्ष 2026 में भाई दूज का पर्व 11 नवंबर, बुधवार को मनाया जाएगा।

प्रश्न: भाई दूज 2026 पर तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त क्या है?

उत्तर: द्रिक पंचांग के नई दिल्ली स्थान के आधार पर तिलक लगाने का शुभ समय दोपहर 1:10 बजे से 3:20 बजे तक रहेगा।

प्रश्न: भाई दूज को यम द्वितीया क्यों कहा जाता है?

उत्तर: पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन भगवान यमराज अपनी बहन यमुना के घर गए थे। इसी कारण इसे यम द्वितीया कहा जाता है।

प्रश्न: भाई दूज पर बहनें भाई को तिलक क्यों लगाती हैं?

उत्तर: धार्मिक मान्यता है कि इस दिन बहन द्वारा भाई को तिलक लगाने और उसके मंगलमय भविष्य की कामना करने से भाई को सुख-समृद्धि एवं दीर्घायु का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

प्रश्न: भाई दूज पर कौन-से कार्य करना शुभ माना जाता है?

उत्तर: इस दिन बहन-भाई को तिलक करने, भगवान का स्मरण करने, परिवार के साथ भोजन करने और जरूरतमंदों की सहायता करने को शुभ माना जाता है।

X
राशि = ₹