23 November 2026

देव दीपावली 2026: महादीपदान की वो रात, जब स्वर्ग के देवता भी धरती पर उतर आते हैं

Start Chat

जरा आंखें बंद कीजिए और एक दृश्य की कल्पना कीजिए…

शरद ऋतु की मखमली शाम ढल रही है। आसमान में सोलह कलाओं से परिपूर्ण चंद्र देव अपनी दूधिया चाँदनी बिखेर रहे हैं, और ठीक उसके नीचे; अर्धचंद्राकार काशी के सात किलोमीटर लंबे घाटों पर लाखों दीये एक साथ झिलमिला उठे हैं। गंगा की शांत लहरों पर तैरते हुए दीप-दोने ऐसे लग रहे हैं, मानो आसमान के सारे तारे अपनी जगह छोड़कर माँ गंगा की गोद में उतर आए हों। शंखों का गंभीर नाद, डमरू की थाप और वैदिक मंत्रों की गूंज… हवा में घुली चंदन, लोबान और शुद्ध देसी घी की सुगंध।

ये कोई स्वप्न नहीं, ये देव दीपावली है। वो अलौकिक रात, जब स्वर्ग के दरवाजे खुलते हैं और स्वयं ब्रह्मांड के सारे देवी-देवता मनुष्य का रूप धरकर धरती पर दीपावाली मनाने आते हैं।

दीपावली अमावस्या के घोर अंधेरे को जीतने का जश्न है, लेकिन देव दीपावली पूर्णिमा के उस चरम प्रकाश का उत्सव है, जहाँ इंसान की श्रद्धा और देवताओं की कृपा एक-दूसरे से गले मिलते हैं।

 

काशी के घाटों पर क्यों उतरते हैं देवता? 

आखिर ऐसी क्या बात है इस रात में कि खुद देवता स्वर्ग का सुख छोड़कर काशी के घाटों की सीढ़ियों पर उतर आते हैं? इसकी जड़ें हमारे पुराणों की उस महागाथा में छिपी हैं, जहाँ धर्म ने अहंकार के सबसे बड़े किले को ध्वस्त किया था।

कथा है तीन प्रतापी असुर भाइयों की। तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली। इन्होंने अपनी तपस्या से ब्रह्मा जी को प्रसन्न कर तीन ऐसे अजेय नगर (त्रिपुरा) बनवा लिए थे। एक सोने का, एक चाँदी का और एक लोहे का। जो आकाश में अलग-अलग दिशाओं में घूमते थे। वरदान था कि जब तक ये तीनों नगर एक सीध में न आ जाएं और कोई उन्हें एक ही बाण से न भेद दे, तब तक इनकी मृत्यु असंभव है।

तीनों लोकों में हाहाकार मच गया। तब स्वयं देवाधिदेव महादेव ने रौद्र रूप धरा। धरती को रथ बनाया, सूर्य और चंद्रमा को उसके पहिए, वेदों को घोड़े और सुमेरु पर्वत को धनुष। जैसे ही कार्तिक पूर्णिमा के दिन वे तीनों नगर एक सीध में आए, महादेव ने अपने अमोघ बाण से ‘त्रिपुरा’ को भस्म कर दिया।

अधर्म के इस महाविनाश की खुशी में समस्त देवताओं ने स्वर्ग से उतरकर काशी में गंगा तट पर लाखों दीये जलाए और महादेव का अभिनंदन किया। तभी से ये रात ‘त्रिपुरारी पूर्णिमा’ और ‘देव दीपावली’ के नाम से स्वर्णाक्षरों में दर्ज हो गई।

 

पुराणों में क्यों गूंजती है इसकी महिमा?

हमारे ऋषियों ने पूरे वर्ष के बारह महीनों में कार्तिक को सबसे ऊँचा सिंहासन दिया है। स्कंद पुराण में इस महीने की महिमा का बखान करते हुए एक अद्भुत श्लोक लिखा गया है:

न कार्तिकसमो मासो न कृतेन समं युगम्।

न वेदसदृशं शास्त्रं न तीर्थं गंगया समम्॥

अर्थ: न कार्तिक के समान कोई महीना है, न सतयुग के समान कोई युग, न वेदों के समान कोई शास्त्र और न ही गंगा के समान कोई तीर्थ।

यही वो पावन तिथि है जब प्रलय के महासागर में डूबती सृष्टि और वेदों को बचाने के लिए भगवान श्रीहरि विष्णु ने मत्स्यावतार लिया था। एक तरफ शिव की संहारक शक्ति और दूसरी तरफ विष्णु की पालनहार करुणा। देव दीपावली इन दोनों महाशक्तियों के मिलन का महापर्व है।

 

दीपदान: अंधकार से प्रकाश की महायात्रा

अगर देव दीपावली इस उत्सव का शरीर है, तो दीपदान उसकी धड़कन है। शास्त्रों में अन्नदान, वस्त्रदान और स्वर्णदान से भी ऊपर दीपदान को रखा गया है। क्योंकि भोजन एक समय की भूख मिटाता है, वस्त्र तन ढकता है, लेकिन दीपदान दृष्टि देता है और आशा जगाता है। मिट्टी का दीपक पंचतत्वों (पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु, आकाश) का प्रतीक है। जब आप उसमें रुई की बाती और घी डालकर लौ जलाते हैं, तो आप सिर्फ बाहर का अंधेरा नहीं काटते, बल्कि अपने भीतर बैठे अहंकार, भय और निराशा के तमस को भी जलाकर राख कर देते हैं।

 

पद्म पुराण में दीपदान की शक्ति को लेकर श्लोक मिलता है:

कार्तिके दीपदानस्य कलां नार्हन्ति षोडशीम्।

यज्ञदानतपस्तीर्थजपहोमादिकं फलम्॥

अर्थ: बड़े-बड़े यज्ञ, भारी-भरकम दान, कठिन तपस्या, तीर्थयात्रा, जप और हवन करने से जो पुण्य मिलता है वह कार्तिक में किए गए एक छोटे से दीपदान के पुण्य के सोलहवें हिस्से की भी बराबरी नहीं कर सकता। 

 

दीपदान कहाँ और कैसे करें?

देव दीपावली पर दीपदान करने के लिए आपको काशी जाने की बाध्यता नहीं है। आप जहाँ हैं, वहीं अपनी श्रद्धा से अपने आंगन को काशी बना सकते हैं। बस इन पाँच जगहों पर दीपक जलाना मत भूलिएगा:

  • पवित्र नदियों या जलाशयों के तट पर: गंगा, यमुना, नर्मदा या किसी भी स्थानीय नदी, सरोवर अथवा कुएं के किनारे दीपदान करने से वरुण देव और माँ गंगा की कृपा प्राप्त होती है।
  • देवालयों और शिवालयों में: भगवान शिव और विष्णु के मंदिरों में घी के दीपक जलाने से जीवन के समस्त संकट और ग्रह बाधाएं शांत होती हैं।
  • तुलसी माता के समीप: कार्तिक मास में तुलसी पूजन का विशेष विधान है। तुलसी के पौधे के पास शुद्ध घी का दीपक जलाने से घर में सुख, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का वास होता है।
  • पीपल और आंवले के वृक्ष के नीचे: आंवले के वृक्ष में भगवान विष्णु और पीपल में त्रिदेवों का वास माना जाता है। इनके नीचे दीपदान करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।
  • घर की देहरी और अंधेरे कोनों में: अपने घर के मुख्य द्वार पर दो दीपक अवश्य जलाएं, ताकि देवी लक्ष्मी का स्वागत हो सके और घर के उन कोनों को भी प्रकाशित करें जहाँ प्रायः अंधेरा रहता है।

 

दीपक जलाते समय मन ही मन इस मंत्र को जरूर गुनगुनाएं:

शुभं करोति कल्याणम् आरोग्यम् धनसंपदा।

शत्रुबुद्धिविनाशाय दीपज्योतिर्नमोऽस्तुते॥

 

जाते-जाते…

देव दीपावली हमें एक बेहद खूबसूरत बात सिखाती है। जिंदगी में कई बार हम इस बात से मायूस हो जाते हैं कि हमारे पास दूसरों को देने के लिए कुछ बड़ा नहीं है। लेकिन मिट्टी का वो नन्हा दीया हमें याद दिलाता है कि रोशनी फैलाने के लिए सूरज होना जरूरी नहीं है। बस प्रज्वलित होने का भाव और दूसरों को राह दिखाने की इच्छा होनी चाहिए।

इस देव दीपावली पर, जब आप अपनी हथेली की ओट में हवा से बचाते हुए एक दीया जलाएं, तो बस एक प्रार्थना कीजिएगा, ‘तमसो मा ज्योतिर्गमय’। हे प्रभु, मुझे अंधकार से प्रकाश की ओर ले चलें।

क्योंकि जिस दिन आपके भीतर करुणा, प्रेम और क्षमा का दीया जल उठेगा, उस दिन आपको देवताओं का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। देवता खुद आपके हृदय में अपना घर बना लेंगे। और फिर, आपके जीवन की हर रात देव दीपावली बन जाएगी।

X
राशि = ₹