27 November 2026

मार्गशीर्ष अमावस्या 2026: जानें तिथि, शुभ मुहूर्त, पितरों के तर्पण का महत्व और पूजा विधि

Start Chat

हिंदू पंचांग में प्रत्येक तिथि का अपना विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। कुछ तिथियाँ ऐसी होती हैं, जो हमें अपने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और जीवन में सेवा, दान एवं सद्कर्मों का महत्व समझने का अवसर भी देती हैं। मार्गशीर्ष अमावस्या ऐसी ही एक पवित्र तिथि है।

 

मार्गशीर्ष मास को भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीमद्भगवद्गीता में अपना स्वरूप बताया है। गीता के दसवें अध्याय में भगवान कहते हैं-

“मासानां मार्गशीर्षोऽहम्”

अर्थात् मासों में मैं मार्गशीर्ष हूँ।

इससे मार्गशीर्ष मास की आध्यात्मिक महत्ता का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। इस मास में आने वाली अमावस्या पर स्नान, ध्यान, पितरों का तर्पण, पूजा-पाठ और दान-पुण्य करने की विशेष मान्यता है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धापूर्वक किए गए धार्मिक कर्मों से पितरों का आशीर्वाद प्राप्त होता है और परिवार में सुख-शांति एवं समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है।

 

मार्गशीर्ष अमावस्या 2026 कब है?

हिंदू पंचांग के अनुसार, मार्गशीर्ष मास की अमावस्या कृष्ण पक्ष की अंतिम तिथि होती है। वर्ष 2026 में मार्गशीर्ष अमावस्या 8 दिसम्बर को मनाई जाएगी। अमावस्या की शुरुआत 8 दिसम्बर को प्रातः 4 बजकर 12 मिनट पर होगी और इसका समापन 9 दिसंबर को सुबह 6 बजकर 21 मिनट पर होगा। 

 

मार्गशीर्ष अमावस्या का धार्मिक महत्व

मार्गशीर्ष अमावस्या पूर्वजों के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करने और आध्यात्मिक साधना में मन लगाने का विशेष अवसर है। हिंदू मान्यताओं में अमावस्या को पितरों के स्मरण और श्राद्ध कर्मों के लिए महत्वपूर्ण माना गया है।

ऐसी मान्यता है कि इस दिन पितरों के निमित्त जल अर्पित करने, उनके नाम से दान करने और ब्राह्मणों एवं जरूरतमंदों को भोजन कराने से पितरों की तृप्ति होती है। परिवार के सदस्य अपने पूर्वजों को याद करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हैं।

इस दिन भगवान विष्णु की आराधना का भी विशेष महत्व है। मार्गशीर्ष मास स्वयं श्रीहरि को समर्पित माना जाता है। इसलिए भक्त इस दिन विष्णु सहस्रनाम का पाठ और मंत्र जाप करके पुण्य प्राप्ति की कामना करते हैं।

 

मार्गशीर्ष अमावस्या की पूजा विधि

मार्गशीर्ष अमावस्या पर दिन की शुरुआत कुछ सरल धार्मिक नियमों के साथ करें-

  1. प्रातःकाल स्नान करें: ब्रह्म मुहूर्त अथवा सूर्योदय से पहले उठकर स्नान करें। स्वच्छ वस्त्र धारण करें और मन में पूजा एवं व्रत का संकल्प लें।
  2. सूर्यदेव को अर्घ्य दें: तांबे के पात्र में स्वच्छ जल लेकर उसमें लाल पुष्प और अक्षत डालें। सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हुए सुख-शांति एवं परिवार के कल्याण की प्रार्थना करें।
  3. भगवान विष्णु की पूजा करें: घर के पूजा स्थल पर भगवान विष्णु की प्रतिमा या चित्र स्थापित करें। उन्हें पीले पुष्प, तुलसी दल, फल और नैवेद्य अर्पित करें। इसके बाद ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ मंत्र का जाप करें।
  4. पितरों का तर्पण करें: अपने पूर्वजों का स्मरण करते हुए श्रद्धापूर्वक जल अर्पित करें। परंपरा के अनुसार तिल और कुश का प्रयोग भी किया जाता है। 
  5. दीपदान करें: घर के मंदिर में दीपक जलाएँ। संध्या के समय अपनी श्रद्धा के अनुसार मंदिर या किसी पवित्र स्थान पर दीपदान करें।
  6. दान-पुण्य करें: जरूरतमंदों को भोजन, गर्म वस्त्र, कंबल आदि का अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान करें। 
  7. भगवान का स्मरण करें: दिन के अंत में भगवान विष्णु की आरती करें और अपने परिवार की सुख-समृद्धि एवं सभी के कल्याण की प्रार्थना करें।

 

मार्गशीर्ष अमावस्या पर पितरों के लिए क्या करें?

अमावस्या तिथि को पितरों के स्मरण के लिए विशेष माना गया है। मार्गशीर्ष अमावस्या पर भी पूर्वजों के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के लिए कुछ धार्मिक कर्म किए जाते हैं-

  • पितृ तर्पण: इस दिन जल में काले तिल और कुश मिलाकर पितरों के निमित्त जल अर्पण करने की परंपरा है। इससे पूर्वजों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट की जाती है।
  • पितरों के नाम से भोजन दान: जरूरतमंदों, निर्धन परिवारों और भूखे लोगों को भोजन कराना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि पितरों के निमित्त किया गया अन्नदान विशेष पुण्य प्रदान करता है।
  • पीपल के वृक्ष के पास दीपक जलाना: हिंदू धार्मिक मान्यताओं में पीपल के वृक्ष का विशेष महत्व है। अमावस्या पर पीपल के समीप दीपक जलाकर श्रद्धापूर्वक प्रार्थना करने की परंपरा भी प्रचलित है।
  • पूर्वजों का स्मरण: इस दिन अपने माता-पिता, दादा-दादी और परिवार के अन्य दिवंगत सदस्यों को याद करें। उनके द्वारा दिए गए संस्कारों और सीख के प्रति आभार व्यक्त करें।

 

मार्गशीर्ष अमावस्या पर किन बातों का ध्यान रखें?

इस पवित्र तिथि पर कुछ बातों का ध्यान रखकर साधक अपने धार्मिक अनुष्ठानों को श्रद्धापूर्वक संपन्न कर सकते हैं- 

  1. इस दिन किसी भी व्यक्ति के प्रति मन में द्वेष, क्रोध या ईर्ष्या का भाव न रखें।
  2. घर में शांति और सकारात्मकता बनाए रखें।
  3. असहाय व्यक्तियों का भूलकर भी अपमान न करें।
  4. पितरों का स्मरण श्रद्धा और सम्मान के साथ करें।
  5. किसी भी जीव को कष्ट न पहुँचाएँ और पशु-पक्षियों के प्रति दया का भाव रखें।

 

मार्गशीर्ष अमावस्या पर दान का महत्व

हिंदू धर्म में दान को पुण्य अर्जित करने और मानवता के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का श्रेष्ठ माध्यम माना गया है।

 

श्रीमद्भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने दान के महत्व को बताते हुए कहा है-

दातव्यमिति यद्दानं दीयतेऽनुपकारिणे।

देशे काले च पात्रे च तद्दानं सात्त्विकं स्मृतम्॥

अर्थ: जो दान बिना किसी प्रत्युपकार की अपेक्षा के, उचित समय, उचित स्थान और योग्य पात्र को यह सोचकर दिया जाता है कि दान करना हमारा कर्तव्य है, उसे सात्विक दान कहा गया है।

 

मार्गशीर्ष अमावस्या पर सात्विक दान की इसी भावना को अपने आचरण में उतारने का संकल्प लें। इस दिन जरूरतमंदों को भोजन कराना अत्यंत पुण्यकारी सेवा मानी जाती है। किसी भूखे व्यक्ति को भरपेट भोजन कराना उसके प्रति संवेदना और अपनत्व प्रकट करना भी है। वहीं, सर्दियों में गर्म वस्त्रों और कंबलों का दान उन लोगों के लिए बड़ी राहत बनता है, जिनके पास ठंड से बचने के पर्याप्त साधन नहीं हैं।

नारायण सेवा संस्थान के सेवा प्रकल्पों से जुड़कर इस पुण्यदायी अवसर को सार्थक बनाएँ। संस्थान के माध्यम से दीन-हीन, असहाय एवं जरूरतमंद बच्चों को मीठा भोजन कराने की सेवा में सहभागी बनें। साथ ही, ‘सुकून भरी सर्दी’ अभियान के अंतर्गत ठंड से जूझ रहे बच्चों और जरूरतमंदों तक स्वेटर और कंबल पहुँचाने में अपना सहयोग दें। आपका छोटा-सा योगदान किसी भूखे बच्चे की थाली भर सकता है और किसी जरूरतमंद को सर्दी से बचने का संबल दे सकता है।

मार्गशीर्ष अमावस्या हमें अपने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने, ईश्वर की आराधना करने और मानवता के प्रति अपने दायित्वों को समझने का अवसर देती है। इस मार्गशीर्ष अमावस्या पर भगवान विष्णु का स्मरण करें, पितरों के निमित्त तर्पण करें और अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-पुण्य अवश्य करें। 

क्योंकि जब हमारी श्रद्धा किसी जरूरतमंद की सहायता का माध्यम बनती है, तभी भक्ति का भाव अपने वास्तविक स्वरूप में प्रकट होता है।

 

 

 

प्रायः पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQ)

 

प्रश्न. मार्गशीर्ष अमावस्या 2026 कब है?

उत्तर: वर्ष 2026 में मार्गशीर्ष अमावस्या 8 दिसंबर, मंगलवार को मनाई जाएगी। 

प्रश्न. मार्गशीर्ष अमावस्या का धार्मिक महत्व क्या है?

उत्तर: मार्गशीर्ष अमावस्या को पितरों के स्मरण, तर्पण और दान-पुण्य के लिए विशेष माना जाता है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा और जरूरतमंदों की सहायता करने से पुण्य की प्राप्ति होने की धार्मिक मान्यता है।

प्रश्न. मार्गशीर्ष अमावस्या पर किन देवी-देवताओं की पूजा करनी चाहिए?

उत्तर: इस दिन मुख्य रूप से भगवान विष्णु और सूर्यदेव की पूजा की जाती है। साथ ही पितरों का स्मरण कर उनके निमित्त तर्पण करने की परंपरा है।

प्रश्न. मार्गशीर्ष अमावस्या पर कौन-से दान करना शुभ माना जाता है?

उत्तर: इस दिन अन्न एवं भोजन, काले तिल, वस्त्र और जरूरतमंदों की आवश्यकतानुसार उपयोगी वस्तुओं का दान करना शुभ माना जाता है। सर्दियों में स्वेटर और कंबल का दान भी जरूरतमंदों को राहत पहुँचाने का उत्तम माध्यम है।

प्रश्न. मार्गशीर्ष अमावस्या पर पितरों के लिए क्या करना चाहिए?

उत्तर: इस दिन पितरों का स्मरण करके जल, काले तिल और कुश से तर्पण करने की परंपरा है। 

प्रश्न. क्या मार्गशीर्ष अमावस्या पर व्रत रखना आवश्यक है?

उत्तर: मार्गशीर्ष अमावस्या पर व्रत रखना अनिवार्य नहीं है। श्रद्धालु अपनी आस्था और सामर्थ्य के अनुसार व्रत रख सकते हैं। 

 

X
राशि = ₹