21 October 2023

नवरात्रि के आठवें दिन करें माँ महागौरी की पूजा और पाएं मनचाहा वरदान

Start Chat

नवरात्रि का पवित्र त्यौहार पूरे देश में धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है। इस दौरान माँ के 9 स्वरूपों की पूजा की जाती है। नवरात्र का आठवां दिन माँ महागौरी को समर्पित है। इसलिए इस दिन मां महागौरी की पूजा विशेष रूप से की जाती है। भक्तों को अष्टमी के दिन माँ को प्रसन्न करने के लिए विधि विधान से पूजा करनी चाहिए। 

 

मां महागौरी पूजा विधि

इस दिन माँ महागौरी पूजा करने के लिए सुबह जल्दी उठें और स्नान करने के उपरांत सफेद रंग के वस्त्र धारण करें। माँ को दीप, धूप, अगरबत्ती, अक्षत और शृंगार का समान अर्पित करें। साथ ही माँ की तस्वीर या मूर्ति पर लाल या सफेद फूलों की माला अर्पित करें। इस दिन दुर्गा सप्तशती का पाठ अवश्य करें। सफेद पुष्प देवी माँ को अर्पित करें। मां दुर्गा के आठवें स्वरूप महागौरी को मोगरा के फूल अत्यंत प्रिय हैं। इसलिए इस दिन माँ के चरणों में ये फूल अवश्य अर्पित करें। 

 

माँ महागौरी मंत्र 

 

श्वेते वृषेसमारूढा श्वेताम्बरधरा शुचिः।

महागौरी शुभं दद्यान्महादेव प्रमोददा॥ 

 

या देवी सर्वभू‍तेषु माँ महागौरी रूपेण संस्थिता। 

नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमस्तस्यै नमो नमः॥

 

प्रसाद एवं भोग 

इस दिन माँ महागौरी को नारियल एवं नारियल से बनी चीजों का भोग लगाया जाता है। इसलिए नारियल से बनी बर्फ़ी और लड्डू का भोग लगाएं। साथ ही इस दिन आप माँ को चने का भोग भी लगा सकते हैं। इससे माँ की कृपा आपके ऊपर होगी और उनका आशीर्वाद सदैव आपके साथ रहेगा।  

 

अष्टमी के दिन करें कन्या पूजन 

नवरात्रि के पर्व में कन्या पूजन का विशेष महत्व है। इसलिए भक्त लोग कन्या पूजन का आयोजन करते हैं। जहां कन्याओं को माँ दुर्गा का स्वरूप मानकर उनकी पूजा की जाती है और उन्हें खीर पूड़ी का भोग लगाया जाता है। साथ ही कन्याओं को भोग प्रसाद प्रदान करने के उपरांत दान भी दिया जाता है। यह दान रुपये, पैसे, अनाज या वस्त्र कुछ भी हो सकता है। अगर यह कन्या पूजन अष्टमी के दिन किया जाता है तो लोगों को माँ का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है।  

कहा जाता है कि अष्टमी के दिन माँ महागौरी की पूजा मात्र से लोगों के पाप नष्ट हो जाते हैं और उन्हें अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है। इसलिए इस दिन पूरे मन के साथ माँ महागौरी की पूजा करें। भक्ति और आस्था के साथ पूजा करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और उन्हें मनचाहा जीवनसाथी प्राप्त होता है।