सनातन परंपरा में एकादशी तिथि को भगवान विष्णु की आराधना और व्रत-उपवास के लिए अत्यंत पवित्र माना गया है। श्रावण मास के शुक्ल पक्ष में आने वाली पुत्रदा एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धापूर्वक भगवान विष्णु की पूजा, व्रत, जप, ध्यान, दान और सेवा करने से भक्तों को भगवान नारायण की कृपा प्राप्त होती है। पुत्रदा एकादशी विशेष रूप से संतान सुख, संतान के आरोग्य, दीर्घायु और परिवार की सुख-शांति की कामना के लिए महत्वपूर्ण मानी जाती है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस पावन तिथि पर भगवान विष्णु के चरणों में श्रद्धा अर्पित करने तथा जरूरतमंदों की सहायता करने से जीवन में सकारात्मकता, सुख-समृद्धि और मंगल का आगमन होता है। निःसंतान दंपति संतान प्राप्ति की कामना से इस व्रत को श्रद्धापूर्वक करते हैं, वहीं माता-पिता अपनी संतान के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए भगवान विष्णु से प्रार्थना करते हैं।
श्रावण पुत्रदा एकादशी का धार्मिक महत्व
सनातन धर्म में एकादशी को भगवान विष्णु को समर्पित तिथि माना गया है। श्रावण मास में आने वाली पुत्रदा एकादशी भक्ति, संयम और आध्यात्मिक साधना का विशेष अवसर प्रदान करती है। इस दिन व्रत रखने, भगवान विष्णु का स्मरण करने, विष्णु सहस्रनाम का पाठ करने की परंपरा है।
‘पुत्रदा’ का अर्थ है संतान प्रदान करने वाली। इसी कारण यह एकादशी संतान की इच्छा रखने वाले दंपतियों के लिए विशेष आस्था का पर्व है। धार्मिक विश्वास है कि श्रद्धा, नियम और पवित्र भाव से किया गया व्रत भगवान विष्णु को प्रसन्न करता है और भक्त की मनोकामना पूर्ण होने का मार्ग प्रशस्त करता है।
दान और सेवा का महत्व
एकादशी व्रत में भगवान की भक्ति के साथ दान और सेवा को भी विशेष महत्व दिया गया है। कहा जाता है कि पूजा और उपासना तभी सार्थक होती है, जब हमारे हृदय में जरूरतमंदों के प्रति करुणा और सेवा की भावना हो।
दान के महत्व का उल्लेख करते हुए भगवान श्रीकृष्ण ने श्रीमद् भगवद्गीता में कहा है-
यज्ञदानतप:कर्म न त्याज्यं कार्यमेव तत् ।
यज्ञो दानं तपश्चैव पावनानि मनीषिणाम् ॥
अर्थात, यज्ञ, दान और तपस्या; ये तीनों कर्म त्यागने योग्य नहीं हैं। बल्कि इन्हें अवश्य करना चाहिए क्योंकि ये लोगों को पवित्र करते हैं।
इसलिए पुत्रदा एकादशी के पावन अवसर पर अपनी सामर्थ्य के अनुसार अन्नदान और जरूरतमंदों की सहायता करना पुण्यकारी माना जाता है। किसी भूखे को भोजन कराना, किसी असहाय का सहारा बनना और किसी जरूरतमंद के जीवन में खुशियां लाना भी भगवान की सेवा का ही एक स्वरूप है।
संतान सुख की कामना के साथ करें अन्न सेवा
श्रावण पुत्रदा एकादशी का यह पावन अवसर किसी जरूरतमंद परिवार के जीवन में सुख का कारण बनने का अवसर है। इस एकादशी के पुण्यदायी अवसर पर नारायण सेवा संस्थान द्वारा दीन-हीन, असहाय, निर्धन एवं दिव्यांग बच्चों के लिए भोजन सेवा का कार्य किया जा रहा है। इस पवित्र एकादशी पर आप भी इस सेवा प्रकल्प से जुड़कर किसी जरूरतमंद बच्चे की थाली में पौष्टिक भोजन पहुंचाने में सहयोग करें।
आइए, इस श्रावण पुत्रदा एकादशी पर भगवान विष्णु के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित करें और व्रत, भक्ति, दान एवं सेवा के माध्यम से इस पावन तिथि को सार्थक बनाएं। भगवान नारायण की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, आरोग्य, समृद्धि और मंगल का वास हो।