08 March 2024

International Women’s Day 2024: इसलिए दुनिया भर में मनाया जाता है अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस

दुनिया भर में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस हर साल 8 मार्च को मनाया जाता है। यह दिन महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए जाना जाता है। इस दिन पर खास तौर पर महिलाओं और उनसे जुड़े खास मुद्दों पर बातचीत की जाती है। हर साल इस दिन को एक खास थीम के साथ सेलिब्रेट किया जाता है।

 

महिला दिवस मनाने का उद्देश्य

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाने का खास उद्देश्य समाज में महिलाओं को बराबरी का हक दिलाना है। साथ ही इस दिन महिलाओं के द्वारा प्रण लिया जाता है कि हर एक महिला को उसका हक मिलना चाहिए। यह दिन महिलाओं के साथ होने वाले भेदभाव को रोकने का आह्वान करता है। इस दिन महिलाओं के द्वारा दुनिया भर में व्यापक रैलियां निकाली जाती है और सम्मेलन आयोजित किए जाते हैं, साथ ही महिलाओं के अधिकारों की तरफ लोगों का ध्यान आकर्षित कराया जाता है।

 

महिला दिवस का इतिहास

महिला दिवस का इतिहास लगभग एक सदी पुराना है। इसकी शुरूआत 1908 में न्यूयॉर्क में हुई एक रैली से हुई थी। इस साल संयुक्त राज्य अमेरिका के इस बड़े शहर में 15 हजार महिलाओं ने एक रैली का आयोजन किया था। रैली करने वाली ये महिलायें नौकरी में काम के घंटों में कटौती की मांग कर रही थीं, साथ ही उनका कहना था कि लिंग भेदभाव के बिना उन्हें पुरुषों के समान वेतन दिया जाए। साथ ही इस रैली के माध्यम से उन्होंने लोकतांत्रिक गणराज्य में वोट देने के अधिकार की मांग भी की। इसके पहले संयुक्त राज्य अमेरिका में महिलाओं को वोट देने का अधिकार नहीं था।

इसके ठीक एक साल बाद अमेरिका की सोशलिस्ट पार्टी ने पहला राष्ट्रीय महिला दिवस मनाने की घोषणा की। इसके दो साल बाद साल 1911 में पहला अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। जिसे डेनमार्क, स्विट्जरलैंड, ऑस्ट्रिया और जर्मनी में सेलिब्रेट किया गया। इसके कई साल बाद संयुक्त राष्ट्र संघ ने 8 मार्च, 1975 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को आधिकारिक तौर पर मान्यता दी। जिसके बाद से हर साल 8 मार्च को  अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस  मनाया जाता है।

 

महिला दिवस 2024 की थीम

संयुक्त राष्ट्र संघ की घोषणा के बाद हर साल अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को एक खास थीम के साथ मनाया जाता है। जब पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया तो इसकी थीम ‘सेलिब्रेटिंग द पास्ट, प्लानिंग फॉर द फ्यूचर’ रखी गई थी। साल 2024 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की थीम इंस्पायर इंक्लुजन (Inspire Inclusion) है। इंस्पायर इंक्लुजन का अर्थ है महिलाओं के महत्व को समझने के लिए लोगों को जागरूक करना।

 

जीवन में इस तरह से लाएं इंस्पाय इंक्लूजन

  • महिलाओं के विचारों को सुने और उन्हें ऐसा महसूस कराएं कि उनकी बातों को महत्व दिया जा रहा है।
  • महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए प्रयास करें।
  • नेतृत्व, निर्णय लेने और व्यवसाय में महिलाओं की भागीदारी को सुनिश्चित करें।
  • महिलाओं और लड़कियों की जरूरतों को पूरा करने वाले बुनियादी ढांचे के निर्माण पर जोर दें।
  • महिलाओं और लड़कियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रशिक्षण तक पहुंच सुनिश्चित करें।
  • खेलों में महिलाओं और लड़कियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए काम करें।
  • महिलाओं और लड़कियों की रचनात्मक और कलात्मक प्रतिभा को बढ़ावा देने के लिए काम करें।