21 February 2026

होली 2026: किस दिन है होली? जानें तिथि और रंगोत्सव का मुहूर्त

Start Chat

भारतीय संस्कृति में प्रत्येक पर्व उत्सव के साथ-साथ आध्यात्मिक संदेश और जीवन दर्शन का प्रतीक होता है। उन्हीं पावन पर्वों में से एक है होली। जो रंगों, उल्लास और भक्ति का अद्भुत संगम माना गया है। फाल्गुन मास की पूर्णिमा को मनाया जाने वाला यह पर्व केवल बाहरी रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि अंतर्मन को प्रेम, करुणा और सद्भाव से रंगने का अवसर है।

 

होली 2026 कब है?

इस साल 3 मार्च को चंद्रग्रहण लगने जा रहा है। इसलिए सबसे बड़ा सवाल यह है कि रंग कब खेला जाएगा? ज्योतिष के अनुसार चंद्रग्रहण लगने के नौ घंटे पहले से सूतक काल प्रारंभ हो जाता है। सूतक काल में किसी भी तरह के धार्मिक उत्सव मनाने से परहेज किया जाता है। ऐसे में रंगोत्सव 4 मार्च 2026 को मनाया जाएगा। अगर शास्त्र सम्मत विधि की बात की जाए तो ग्रहण के समापन के उपरांत रंग खेल सकते हैं। इसलिए धुलंडी 4 मार्च को ही खेली जाएगी। 

 

चंद्रग्रहण का समय 

पंचांग के अनुसार इस बार होली के साथ ही चंद्रग्रहण भी लगने जा रहा है, जो भारत में दृश्यमान रहेगा। इसलिए सम्पूर्ण भारत में ग्रहण का सूतककाल भी लागू रहेगा। भारतीय समयानुसार, चंद्रग्रहण 3 मार्च को दोपहर में 3 बजकर 20 मिनट से प्रारंभ हो जाएगा। जिसका समापन शाम 6 बजकर 47 मिनट पर होगा। अगर कुल अवधि की बात की जाए तो इस बार का चंद्रग्रहण 3 घंटे 27 मिनट तक दिखेगा।

 

प्रह्लाद की अटूट भक्ति

होली का मूल संबंध भक्त प्रह्लाद और उनके पिता हिरण्यकशिपु की कथा से जुड़ा है। हिरण्यकशिपु असुरराज था, जिसने अपने अहंकार में स्वयं को ईश्वर घोषित कर दिया था। किंतु उसका पुत्र प्रह्लाद भगवान विष्णु का अनन्य भक्त था। अनेक यातनाएँ देने के बावजूद प्रह्लाद की भक्ति अडिग रही। अंततः हिरण्यकशिपु की बहन होलिका, जिसे अग्नि से न जलने का वरदान प्राप्त था, प्रह्लाद को गोद में लेकर अग्नि में बैठ गई। किन्तु दैवीय न्याय देखिए, होलिका जलकर भस्म हो गई और प्रह्लाद सुरक्षित रहे। इसी स्मृति में होलिका दहन किया जाता है। यह दहन केवल लकड़ियों, गोबर के उपलों और बल्लों का नहीं, बल्कि अहंकार, क्रोध, ईर्ष्या और पाप प्रवृत्तियों का होता है।

 

रंगों की होली 

होलिका दहन के दूसरे दिन रंगों की होली खेली जाती है। यह दिन सामाजिक समरसता और आपसी प्रेम का प्रतीक है। छोटे-बड़े, अमीर-गरीब, जाति-पंथ के भेद मिटाकर सभी एक-दूसरे को रंग लगाते हैं। सनातन परंपरा में ब्रजभूमि में होली का विशेष महत्व है। वृंदावन और बरसाना की लठमार होली विश्व प्रसिद्ध है। यहाँ की होली राधा-कृष्ण की दिव्य लीलाओं की स्मृति है, जो ब्रज जी गलियों सहित पूरे भारत में आज भी जीवंत है। 

होली रंगों के पर्व के साथ पकवानों और मिठाई का भी त्यौहार है। इस पर्व में हर घर में तरह-तरह की मिठाइयां और पकवान बनाए जाते हैं। आइए जानते हैं होली पर बनाएं जाने वाले कुछ खास पकवानों के बारे में- 

 

  1. गुझिया: गुझिया एक खास पकवान है, जिसके बिना होली का पर्व अधूरा सा रहता है। यह पकवान भारतवर्ष के लगभग हर घर में बनाया जाता है और लोग होली के रंगों के साथ गुझिया खाना व खिलाना खूब पसंद करते हैं। 
  2. दही बड़े: दही बड़े भी होली का एक खास पकवान है जिसके बिना होली अधूरी सी लगती है। होली के त्यौहार पर यह पकवान खास तौर पर ब्रज के घरों में अवश्य बनाया जाता है। 
  3. गुलाब जामुन: गुलाब जामुन एक प्रसिद्ध भारतीय मिठाई है, जिसके बिना उत्सव का रंग ही फीका पड़ जाता है, इसलिए हर घर में होली के उत्सव में इस मिठाई को जरूर शामिल किया जाता है। घर वाले खुद भी इस मिठाई को बड़े चाव के साथ खाते हैं और होली मिलन के लिए आए मेहमानों को भी गुलाब जामुन जरूर खिलाते हैं। 

 

इन मिठाई और पकवानों के अलावा घरों में गाठिये, नमकीन पूड़ियां और मालपुए भी इस त्यौहार का जायका बढ़ाते हैं। 

आज के समय में होली मनाते हुए हमें पर्यावरण का भी ध्यान रखना चाहिए। रासायनिक रंगों के स्थान पर प्राकृतिक और हर्बल रंगों का उपयोग करना चाहिए। जल की बचत करें और होली को सात्विक, मर्यादित तथा आनंदमय बनाएँ। 

होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि और प्रेम का पर्व है। जीवन में परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, यदि हमारे हृदय में भक्ति और सत्य का प्रकाश है, तो कोई भी होलिका हमें जला नहीं सकती। इस पावन अवसर पर अपने भीतर की दुर्भावनाओं को होलिका में अर्पित करें और प्रेम, क्षमा तथा सद्भाव के रंगों से अपने जीवन को आलोकित करें।

 

प्रायः पूछे जाने वाले प्रश्न (FAQs)

प्रश्न: होली कब है? 

उत्तर: होली 4 मार्च को मनाई जाएगी।

 

प्रश्न: चंद्रग्रहण कब है?

उत्तर: चंद्रग्रहण 3 मार्च 2026 को लगने जा रहा है। 

 

प्रश्न: चंद्रग्रहण समय क्या है? 

उत्तर:  चंद्रग्रहण 3 मार्च 2026 को दोपहर 3 बजकर 20 मिनट से शाम 6 बजकर 47 मिनट तक रहेगा। 

 

प्रश्न: धुलंडी कब है?

उत्तर: धुलंडी या रंगोत्सव 4 मार्च को मनाई जाएगी।

X
Amount = INR