19 October 2023

भारतीय उपमहाद्वीप में इन कारणों से क्रिकेट की बढ़ रही है लोकप्रियता

भारत एकदिवसीय क्रिकेट विश्वकप 2023 की मेजबानी कर रहा है। जिसमें दुनिया की विभिन्न टीमें भाग ले रही है। क्रिकेट के इस बड़े आयोजन की जड़ें भारतीय उपमहाद्वीप से जुड़ी हुई हैं। जहां क्रिकेट को लोगों की भावनाओं से जुड़ा हुआ खेल माना जाता है। वैसे तो क्रिकेट का उदय इग्लैंड में हुआ है। लेकिन पिछले कुछ वर्षों में इसका सबसे ज्यादा प्रचार प्रसार भारतीय उपमहाद्वीप में हुआ है। जहां लोगों ने इस खेल को भरपूर प्यार दिया है। 

भारत के अलावा उपमहाद्वीप के अन्य देशों में बहुतायत से क्रिकेट खेला जाता है। इनमें पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश और नेपाल का शामिल है। खेल की लोकप्रियता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि भारत 2 बार तथा पाकिस्तान और श्रीलंका एक-एक बार एकदिवसीय क्रिकेट विश्वकप के विजेता रह चुके हैं। इनके अलावा कई ऐसे कारक हैं जिनके कारण उपमहाद्वीप में क्रिकेट का खेल तेजी से लोकप्रिय हुआ है। 

 

ऐतिहासिक विरासत

अगर इतिहास में देखें तो भारतीय उपमहाद्वीप में क्रिकेट की ऐतिहासिक विरासत रही है। यह खेल भारत में औपनिवेशक काल से ही प्रसिद्ध रहा है। इस दौरान यहां के लोगों ने इस खेल को दिल से अपनाया है। उपमहाद्वीप में इस खेल को लेकर कई अनूठी कहानियां प्रचलित हैं। जो क्रिकेट की सांस्कृतिक पहचान की अभिन्न अंग बन गई हैं।

 

बेहतरीन क्रिकेट खिलाड़ी 

उपमहाद्वीप के देशों ने दुनिया को बेहतरीन क्रिकेट खिलाड़ी दिए हैं। जिनमें सचिन तेंडुलकर, कपिल देव, सुनील गावस्कर, अनिल कुंबले, वसीम अकरम, महेला जयवर्धने, कुमार संगकारा और मुथैया मुरलीधरन जैसे दिग्गज शामिल हैं। यहां के ज्यादातर खिलाड़ियों ने क्रिकेट के मैदान पर अपनी छाप छोड़ी है। जिनसे प्रेरित होकर अन्य लोग भी क्रिकेट खेलने के लिए आगे आए हैं और उन्होंने क्रिकेट को करियर के रूप में चुना है। 

 

अंतर्राष्ट्रीय सफलता

उपमहाद्वीप के क्रिकेटरों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया है। जिसके कारण भारत, श्रीलंका, पाकिस्तान और बांग्लादेश की टीमों को प्रतिष्ठित टीमों में गिना जाता है। इन टीमों ने सैकड़ों टूर्नामेंट जीते हैं और दुनिया में अपने देश का मान बढ़ाया है। जिसके कारण यहां की युवा पीढ़ी क्रिकेट के प्रति आकर्षित हो रही है और इस खेल में अपना करियर बनाना चाहती है। 

 

मैदानों और खेल संसाधनों की उपलब्धता 

उपमहाद्वीप के ज्यादातर शहरों में क्रिकेट मैदानों की उपलब्धता है। जहां कोई भी बेहद आसानी से जाकर क्रिकेट की प्रैक्टिस कर सकता है। यहां पर सरकार या प्राइवेट संस्था द्वारा कोच सहित अन्य तरह की सुविधाएं उपलब्ध कारवाई जाती हैं। जिसके कारण लोगों का रुझान क्रिकेट के प्रति लगातार बढ़ रहा है।

 

टेलीविजन और डिजिटल प्रसारण

टेलीविजन और डिजिटल प्रसारण के कारण अब हर कोई बेहद आसानी से क्रिकेट मैचों का घर बैठे आनंद ले सकता है। इस दौरान लाइव प्रसारण, व्यापक विश्लेषण और विस्तृत आंकड़ों ने खेल को प्रशंसकों के लिए और अधिक आकर्षक बना दिया है। डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म के उदय के साथ, क्रिकेट प्रशंसक आसानी से लाइव स्कोर, हाइलाइट्स और विशेषज्ञों की राय जान सकते हैं। नए जमाने में स्मार्टफोन और टैबलेट पर मैच देखने की सुविधा ने खेल का दर्शकों तक विस्तार किया है। इन सब सुविधाओं के कारण लोगों के बीच खेल के प्रति उत्सुकता बढ़ रही हैं और अब ज्यादा से ज्यादा लोग इस खेल की तरफ आकर्षित हो रहे हैं।

 

फ्रेंचाइजी टी20 लीग

उपमहाद्वीप में पिछले कुछ सालों में फ्रेंचाइजी टी20 लीग का उदय हुआ है। जिसमें अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों का बड़ा जमावड़ा लगता है। इन लीग्स में खेलने पर खिलाड़ियों को मोटी रकम मिलती है। जिसके कारण दुनिया का हर क्रिकेटर इन लीग्स में भाग लेना चाहता है। लीग्स में मिलने वाला पैसा आज की युवा पीढ़ी के लिए इस खेल की तरफ आकर्षित करने का एक बड़ा कारण है।